लोहरौली। दुधारा पुलिस ने मारपीट के बाद युवक की मौत मामले में तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो डंडे भी बरामद किए हैं। तीनों आरोपी जिले से बाहर भागने की फिराक में थे, तभी पुलिस ने उन्हें पंचावा मोड़ के पास दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार, दुधारा थाना क्षेत्र के टेकंसी टेकंसा गांव निवासी अनिल कुमार, रोहित कुमार और राहुल कुमार को बृहस्पतिवार तड़के गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि रंजिश के चलते 23 जून को अहिरौली तिराहे पर एक पान की दुकान के पास गांव के अजय कुमार की लाठी-डंडों से पिटाई की थी। इसके बाद आरोपियों ने अजय के घर पहुंचकर दोबारा मारपीट की।
हमले में अजय के सिर पर गंभीर चोट आई थी, जिससे वह कोमा में चला गया। इलाज के दौरान सात जुलाई को उसकी मौत हो गई। अजय की मौत के बाद पुलिस ने मुकदमे में हत्या से संबंधित धाराएं बढ़ाते हुए आरोपियों की तलाश तेज कर दी थी।
थानाध्यक्ष अमित कुमार कुशवाहा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सूचना पर पंचावा मोड़ के पास तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर अहिरौली तिराहे के निकट खेत से वारदात में प्रयुक्त दो डंडे बरामद किए गए।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।