संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। खलीलाबाद कोतवाली क्षेत्र के विधियानी मोहल्ले में रेलवे स्टेशन रोड स्थित भोजनालय पर हुए विवाद में दुकानदार चिरंजीव लाल जायसवाल की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को कोतवाली खलीलाबाद के पास से गिरफ्तार कर लिया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में चोट लगने से दुकानदार की मौत होने की पुष्टि हुई है। मामले में चार लोगों के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। तीन की गिरफ्तारी के बाद पुलिस चौथे आरोपी की तलाश में जुटी है।
वारदात नौ अक्तूबर की देर रात की है। विधियानी स्टेशन रोड निवासी शिवम जायसवाल अपने परिवार के साथ जायसवाल भोजनालय पर मौजूद थे। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले लोगों से दुकान के सामान की बिक्री और रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद हो गया।
बताया गया है कि एक ग्राहक दुकान पर आया था और सामान मांग रहा था। जो उनके पास नहीं था। उन्होंने पड़ोसी की दुकान पर भेज दिया। वहां से ग्राहक सामान लेकर चला गया और पैसे नहीं दिए। इसके बाद पड़ोसी में इसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।
कहासुनी के बाद दूसरे पक्ष के लोगों ने दुकान में घुसकर शिवम और उनकी मां के साथ मारपीट की। शोर सुनकर शिवम के पिता चिरंजीव लाल जायसवाल बीच-बचाव करने पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई। गंभीर रूप से घायल चिरंजीव लाल को अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद चिरंजीव लाल की मौत को लेकर पुलिस ने जांच शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में चोट लगने से मौत होने की पुष्टि हुई है। इसके बाद आरोपियों की गिरफ्तारी में जुट गई।
मृतक के बेटे शिवम जायसवाल की तहरीर पर कोतवाली खलीलाबाद में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। कोतवाल जय प्रकाश दूबे के अगुवाई में पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रिक्कू उर्फ रिंकू जायसवाल, अमरनाथ जायसवाल और महेंद्र जायसवाल के रूप में हुई है। तीनों विधियानी स्टेशन रोड मोहल्ले के निवासी हैं। मामले में नामजद एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि नौ अक्तूबर की रात शिवम जायसवाल के साथ दुकान के सामान और रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान शिवम के पिता चिरंजीव लाल मौके पर पहुंचे। आरोपियों के अनुसार, धक्का-मुक्की के दौरान वह गिर पड़े, जिससे उनकी मौत हो गई।