- करमैनी-बेलौली बंधे पर साढ़े तीन किलोमीटर सड़क बनना है
- ग्रामीणों ने सड़क की अनियमितता का वीडियो वायरल कर उठाए थे सवाल
संवाद न्यूज एजेंसी
मेंहदावल। करमैनी-बेलौली बंधे पर एक हफ्ते से बन रहा साढ़े तीन किलोमीटर सड़क कुछ मीटर बनने के बाद से बंद हो गया है, जबकि मानसून आने में कुछ दिन बचे हैं। स्थानीय लोगों ने कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए हाथ से सड़क उखड़ने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। उसके बाद से ही सड़क बनने का काम बंद हो गया।
क्षेत्र के पूर्वी कछार क्षेत्र में करमैनी-बेलौली बंधे पर नौगों से करमैनी तक साढ़े तीन किलोमीटर की सड़क को 35 लाख रुपये की लागत से लोक निर्माण विभाग कार्य करवा रहा है। जैसे ही कार्य करवाने का काम शुरू किया। केवल कुछ मीटर की दूरी पर सड़क बनने के बाद ही स्थानीय लोगों ने कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए हाथ से सड़क उखड़ने का वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। अमर उजाला ने प्रमुखता से खबर प्रकाशित किया था।
पीडब्लूडी के एसडीओ इंजीनियर विमल गुप्ता के नेतृत्व में टीम ने जांच की। उसके बाद से ही सड़क बनने का काम बंद हो गया। जबकि मौसम विभाग के अनुमान कुछ दिन में भारी बारिश की संभावना है। इस संबंध में पीडब्ल्यूडी के अवर अभियंता ईश्वर कुमार ने कहा कि निर्माण कार्य रुका है। कुछ सामग्री की कमी थी। मानसून का ध्यान है, जल्दी ही कार्य शुरू करा दिया जाएगा।