मेंहदावल बाईपास के पास पर लगी बैरीकेटिंग-संवाद
संतकबीरनगर। होली के दिन शहर में बड़े वाहन पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेंगे। ऐसे में बड़े वाहनों को सरैया बाईपास से होकर तितौवा होते हुए धनघटा की ओर भेजा जाएगा। शहर में बड़े वाहनों का प्रवेश रोकने के लिए मेंहदावल बाईपास पर बैरियर लगाया जाएगा।
जनपद में होली का पर्व कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मनाया जाएगा। पुलिस प्रशासन इसके लिए पूरी तरह से अलर्ट हो गया है। जहां सोमवार की रात होलिका दहन का कार्यक्रम होने के बाद से ही लोग अबीर गुलाल उड़ाने लगे है। शहर के गोला बाजार में पिचकारी व रंग की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ रही है। लोग तरह-तरह के पिचकारी और गुलाल खरीदते हुए देखे गए। बच्चों ने गन वाली पिचकारी ज्यादा पसंद की। इसके साथ ही हथौड़ा पिचकारी की मांग रही। होली पर्व के सुरक्षित मनाने के लिए शहर में रूट डायवर्जन कर दिया गया है।
नेदुला, मेंहदावल बाईपास और बरदहिया बाजार के रास्ते वाहनों को नहीं आने दिया जाएगा। सुबह से यह डायवर्जन लागू रहेगा। जो शाम तक चलेगा। एएसपी सुशील कुमार सिंह ने बताया कि होली को लेकर सभी तैयारी पूरी की जा चुकी है। किसी भी तरह का माहौल बिगाड़ने वालों के साथ पुलिस कड़ाई के साथ पेश आएगी।