बखिरा। क्षेत्र के जसवल भरवलिया में मंगलवार रात विवाहिता की संदिग्ध हाल में मौत हो गई। परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे, उसी बीच पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। परिजनों ने विवाहिता की मौत की वजह सर्पदंश बताई। विवाहिता के गले के नीचे काला दाग व सूजन से पुलिस काे शक हुआ। पुलिस की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी है। जसवल भरवलिया निवासी 22 वर्षीय नेहा पत्नी राज उर्फ रिंकू की मंगलवार रात संदिग्ध हाल में मौत हो गई। राज उर्फ रिंकू ने बताया कि रात करीब 12 बजे पत्नी नेहा उसकी बहन के साथ नित्यक्रिया के लिए बाहर गई थी। घर लौटते समय रास्ते में जहरीले सर्प ने नेहा को डस लिया। इलाज के लिए पहले पत्नी को बेलहर ले गया। बाद में अयोध्या ले गया और वहां से लखनऊ ले जाते समय रास्ते में नेहा की मौत हो गई।
बुधवार की सुबह शव लेकर घर पहुंचा। परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जा रहे थे। तभी किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में ले लिया। ग्रामीण विवाहिता की मौत की वजह को लेकर तरह-तरह की चर्चा कर रहे थे। एसओ श्याम मोहन ने बताया कि पीड़ित पति ने पत्नी की मौत सर्पदंश से होना बताया है। विवाहिता के गले के नीचे काला दाग व सूजन दिखाई दे रहा था। संदिग्ध हाल में मौत की वजह से शव को पोस्टमार्टम हाउस भेजा गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह स्पष्ट होगी। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।