- खलीलाबाद और सेमरियावां सीएचसी को हर साल मिलता है कायाकल्प अवार्ड
- हेल्थ एटीएम मशीन शुरू नहीं हो पाई
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिले के दो सीएचसी को हर साल कायाकल्प अवार्ड मिलता है, लेकिन इन सीएचसी पर अभी तक अल्ट्रासांउड की सुविधा नहीं है। साथ ही यहां पर लगी हेल्थ एटीएम मशीन भी शोपीस बनी है। इससे मरीजों को निजी पैथोलाॅजी पर अल्ट्रासाउंड के लिए जाना मजबूरी है।
जिले में एक जिला अस्पताल और आठ जगहों पर सीएचसी बनी है। जिसमें सांथा, मेंहदावल, बेलहर, सेमरियावां, खलीलाबाद, नाथनगर और मलौली में सीएचसी हैं, जबकि पौली ब्लॉक में सीएचसी निर्माणाधीन है। सीएचसी में ब्लड जांच की सुविधा कुछ हद तक तो है पर अल्ट्रासाउंड की सुविधा अभी तक किसी भी सीएचसी पर नहीं है।
खलीलाबाद सीएचसी और सेमरियावां सीएचसी को हर साल कायाकल्प का अवार्ड मिलता है, पर हाल यह है कि यहां अल्ट्रासाउंड की सुविधा नहीं हो सकी है। यहां तक सीएचसी पर हेल्थ एटीएम भी शोपीस बने हुए हैं। उसे आज तक शुरू नहीं किया गया है। सीएचसी खलीलाबाद में आए संदीप कुमार, मधुमती ने बताया कि अल्ट्रासाउंड कराना था, लेकिन यहां सुविधा नहीं है, अब बाहर ही कराना पड़ेगा।
सीएचसी में अल्ट्रासाउंड की सुविधा के लिए प्रयास किया जा रहा है। निदेशालय स्तर से ही मशीन आनी है। मशीन आने के बाद सीएचसी पर भी अल्ट्रासाउंड की समस्या दूर हो जाएगी। हेल्थ एटीएम क्यों शुरू नहीं हुआ इसकी जानकारी ली जाएगी।
- डॉ. रामानुज कन्नौजिया, सीएमओ