संतकबीरनगर। जनपद से प्रयागराज में माघ मेला के लिए 30 बसों का आवंटन हुआ है। जो यहां से श्रद्धालुओं को लेकर प्रयागराज जाएंगी। खलीलाबाद में कोई बस अड्डा न होने से इन बसों के पार्किंग स्थल की व्यवस्था नहीं हो पाई है। महाकुंभ के लिए एचआरपीजी काॅलेज के पास अस्थायी रूप से बसों को खड़ा कराया गया था। माघ मेला के लिए अब तक कोई निर्णय नहीं लिया गया है।
खलीलाबाद में कोई भी स्थाई बस अड्डा अथवा डिपो नही है। इसके वजह से खलीलाबाद शहर के मेंहदावल बाईपास ओवर ब्रिज के नीचे अस्थाई रूप से परिवहन निगम के लिए बस अड्डा घोषित कर दिया गया है। यहां पर प्रतिदिन गोरखपुर से लखनऊ एवं लखनऊ से गोरखपुर जाने वाली परिवहन निगम की बसें खड़ी होती हैं। यहीं से सवारी बसों में सवार होकर अपने गंतव्य के लिए रवाना होते हैं। ऐसे में प्रयागराज माघ मेला के लिए खलीलाबाद से 5 बसों का संचालन होना है। इन बसों का आवंटन भी बस्ती डिपो ने कर दिया है।
निगम के पास कोई अपना स्थाई बस अड्डा अथवा डिपो ने होने के वजह से इन बसों के ठहराव के लिए संकट पैदा हो गया है। ऐसे में प्रयागराज जाने वाले श्रद्धालुओं को बसें कहा से मिलेंगी, इस पर अभी संशय बना हुआ है। निगम के तरफ से भी बसों के ठहराव के लिए अभी तक कोई स्थान स्पष्ट नही किया गया है। खलीलाबाद अस्थाई बस अड्डा प्रभारी टीएन दूबे ने बताया कि खलीलाबाद में कोई स्थायी बस अड्डा नहीं है, जहां पर बसों को खड़ा कराया जा सके। इसके लिए उच्चाधिकारियों से विचार विमर्श किया जाएगा, जो निर्देश मिलेगा उसके अनुरूप काम होगा।