आरोग्य मंदिर गिरधपुर में नहीं लगा सोलर पैनल।
संतकबीरनगर। बिजली कनेक्शन से वंचित जन आरोग्य मंदिरों पर सोलर पैनल लगाने की योजना है। शासन ने इसकी स्वीकृति प्रदान की है, लेकिन अभी तक सोलर पैनल नहीं लग सके हैं। ऐसे में आठ जन आरोग्य मंदिरों पर स्वास्थ्य कर्मियों और यहां आने वाले मरीजों व तीमारदारों का परेशानी झेलनी पड़ रही है। गर्मी का मौसम शुरू होने के बाद समस्या और बढ़ सकती है।
जिले में कुल 172 जन आरोग्य मंदिर संचालित किए जा रहे हैं। इन जन आरोग्य मंदिरों पर अभियान चलाकर बिजली के कनेक्शन लगवाए गए, लेकिन जहां पर 40 हजार से अधिक का एस्टीमेट आया, वहां कनेक्शन नहीं लग सका।
कारण यह कि शासन ने 40 हजार से ऊपर के खर्च पर रोक लगा दिया था। ऐसे में जिले के आठ जन आरोग्य मंदिर बिजली कनेक्शन से वंचित हो गए। बाद में शासन ने इन जन आरोग्य मंदिरों पर सोलर पैनल लगवाने के निर्देश दिए, लेकिन अब भी खलीलाबाद ब्लॉक के गिरधरपुर, नाथनगर के गायघाट, कालीजगदीशपुर, सेमरियावां के बस्ती-बस्ता, हैंसर बाजार के अशरफपुर आदि जन आरोग्य मंदिरों पर न तो बिजली कनेक्शन लग पाया और न ही सोलर पैनल ही लगा।
ऐसे में यहां कार्य करने वाले स्वास्थ्य कर्मियों को गर्मी में परेशानी झेलनी पड़ रही है। कारण यह है कि बिजली के अभाव में पंखा और बिजली से चलने वाले अन्य उपकरण नहीं चल पा रहे हैं। यही नहीं यहां आने वाले मरीजों व तीमारदारों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
गिरधरपुर क्षेत्र के निवासी रियाज, राहुल आदि ने बताया कि जन आरोग्य मंदिर पर पंखा लगाया गया है, लेकिन बिजली की व्यवस्था नहीं है। सोलर पैनल भी नहीं लगा, जिससे परेशानी झेलनी पड़ती है।