संतकबीरनगर। माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश मंत्री संजय द्विवेदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार कैशलेस इलाज की सुविधा देने को लेकर गंभीर नहीं है। मुख्यमंत्री की ओर से शिक्षक दिवस पर की गई घोषणा को अब तक अमल में नहीं लाया गया है। इससे शिक्षक समुदाय सशंकित है। सरकार को कैशलेस इलाज से संबंधित राजाज्ञा तुरंत जारी करनी चाहिए।
उन्होंने बताया कि सरकार की घोषणा के मुताबिक प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षक, उच्च प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षक, सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षक व शिक्षणेत्तर कर्मचारी, सहायता प्राप्त महाविद्यालयों के शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक व रसोइयों को यह सुविधा प्रदान की जानी थी। उन्होंने कहा कि सरकार को अपने घोषणा के मुताबिक तत्काल कैशलेस इलाज की राजाज्ञा निकालनी चाहिए जिससे प्रदेश के शिक्षक कर्मचारियों को इसका लाभ मिल सके। सरकार अपने वादे पर खरी नहीं उतरी तो माध्यमिक शिक्षक संघ आंदोलन के लिए बाध्य होगा।