धनघटा। उतार-चढ़ाव के बीच मंगलवार को सरयू नदी का जलस्तर एक बार फिर बढ़ना शुरू कर दिया है। सोमवार की शाम तक नदी का पानी 78.45 मीटर पर था। मंगलवार की सुबह 78.55 सेंटीमीटर पर पहुंच गया। नदी के बढ़ते हुए जलस्तर को देखकर दियारा के लोग भयभीत होने लगे हैं।
सरयू नदी गर्मी के मौसम में घटकर अंबेडकर नगर की सीमा में बह रही थी। इधर जुलाई शुरू होते ही नदी का पानी बढ़ना शुरू हुआ तो संत कबीर नगर जिले के सीमा पहुंच गया, जिससे नदी का पानी दियारा क्षेत्र में फैलने लगा। कहीं-कहीं नदी एमबीडी बांध के पास पहुंचकर बाढ़ का एहसास कराना शुरू कर दी है। हालांकि नदी का पानी दियारा में बसे गांवों से दूर है, लेकिन फसलें जलमग्न होने लगी हैं। नदी के पानी का दबाव तुरकौलिया नायक गांव के पास एमबीडी बांध बना हुआ है। बांध को मजबूती प्रदान करने के लिए रेनकट तो भरे ही जा रहे हैं। बाढ़ चौकियों को भी सक्रिय कर दिया गया है। दूसरी तरफ पशुओं के चारे का संकट खड़ा होने लगा है। वजह यह है कि दियारा में पानी भरा होने से चारा मिल पाना कठिन हो गया है। हालांकि लोग नाव के सहारे चारे का इंतजाम कर रहे हैं।