सिद्धार्थनगर। चोरों ने बृहस्पतिवार रात सदर थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड पर स्थित दो मोबाइल की दुकानों काे ताला तोड़कर खंगाल डाला।
शुक्रवार सुबह जानकारी होने पर दोनों दुकानदारों ने पुलिस को तहरीर देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है। वहीं, चोरी की इस घटना से नाराज व्यापारियों ने मामले में सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।
शहर के पूरब पड़ाव निवासी संदीप कुमार गुप्ता और बिलाल अहमद की स्टेशन रोड पर अगल-बगल स्थित मोबाइल की दुकान है। बृहस्पतिवार रात को दोनों दुकान बंद कर अपने घर चले गए थे। शुक्रवार सुबह आए तो पता चला कि दुकान का ताला टूटा हुआ और उसमें रखा सामान गायब था। संदीप कुमार गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि उसकी दुकान से 18 नए, 10 पुराने मोबाइल के साथ पानी का मोटर, 20 टाइटन की घड़ी, ईयर बड्स, डाटा केबल और नकदी चोरी हुई है।
वहीं, बिलाल अहमद ने दी तहरीर में बताया है कि उसकी दुकान से 22 मोबाइल, 45 चार्जर, ईयर बड्स, एक लैपटाॅप व नकदी चोरी हुई है।