बीडीओ खलीलाबाद के सरकारी आवास में चोरी
दो गैस सिंलिडर, गीजर, टोटी आदि उठा ले गए चोर
संतकबीरनगर। खलीलाबाद ब्लॉक की बीडीओ के पुरानी तहसील स्थित सरकारी आवास में मंगलवार की रात चोरी हो गई। चोर दो गैस सिंलिडर, गीजर, टोटी आदि उठा ले गए। इसके साथ ही दीवाल की वायरिंग को क्षतिग्रस्त कर दिया और कपड़े को बरामदे में रख कर जला दिया।
खलीलाबाद ब्लॉक में रेनू चौधरी बीडीओ के पद पर तैनात हैं। पुरानी तहसील परिसर में बीडीओ का सरकारी आवास है। मंगलवार को डीएम से अनुमति लेकर बीडीओ रेनू चौधरी मुख्यालय छोड़कर बस्ती गई थीं। रात में अज्ञात चोर उनके सरकारी आवास में घुस गए। बीडीओ के आवास से चोर दो गैस सिलिंडर ,गीजर और टोटी आदि चुरा ले गए। इसके साथ ही दो कमरों के अंदर दीवाल की वायरिंग तोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दी। इतना ही नहीं चोराें ने कमरे में लगाए गए पर्दे एवं कपड़े को बरामदे में इकट्ठा करके जला दिया था। बुधवार को बीडीओ जब अपने सरकारी आवास पर पहुंचीं तो उन्हें घटना की जानकारी हुई। बीडीओ ने इस संबंध में कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। सूचना के बाद कोतवाल विजय नारायन प्रसाद और एसओजी प्रभारी धर्मेंद्र सिंह बीडीओ के सरकारी आवास पर पहुंच गए और बारीकी से घटना की जांच की। कोतवाल विजय नारायन प्रसाद ने बताया कि बीडीओ के सरकारी आवास में चोरी हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।