प्रापर्टी डीलर के घर चोरी
प्रापर्टी डीलर की 29 मई को बीमारी से हो गई थी मौत
16 जून को ब्रह्मभोज में परिवार के लोग पैतृक गांव झीनखाल बंजरिया गए थे
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। शहर के रामनगर कॉलोनी मड़या निवासी प्रापर्टी डीलर के घर में बुधवार की रात पड़ोसी की छत के रास्ते चोर अंदर घुस गए और लाखों रुपये के जेवरात व नकदी उठा ले गए। सूचना पर बृहस्पतिवार को पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच-पड़ताल की।
शहर की रामनगर कॉलोनी मड़या निवासी सौरभ चौधरी ने बताया कि उसके पिता राम निवास चौधरी प्रापर्टी डीलर थे। बीमारी से 29 मई को पिता की मौत हो गई। 16 जून को पिता का पैतृक गांव झीनखाल बंजरिया में ब्रह्मभोज था। इसकी वजह से पूरा परिवार गांव गया था। जबकि शहर के रामनगर कॉलोनी वाले मकान में उसके बहनोई पेशे से शिक्षक कृष्णचंद्र चौधरी और बहन संजना चौधरी रह रही थीं। पिता के कर्म मेेें शामिल होने के लिए बुधवार को दिन में बहनोई उसके गांव आए और रात सवा नौ बजे फिर लौट गए। बहनोई जब रामनगर वाले मकान पर पहुंचे और मुख्य दरवाजा खोल कर अंदर गए तो देखा कि अंदर का कमरा अंदर से बंद था। सूचना पर वह भी वहां पहुंच गए। मोहल्ले के लोगों के साथ कमरे का दरवाजा तोड़ कर अंदर गए तो देखा कि घर का सारे जेवरात व नकदी चोरी हो गई थी। उन्होंने बताया कि उनकी बड़ी बहन संजना के जेवरात तो चोर उठा ही ले गए। साथ में छोटी बहन अंकिता की नवंबर में शादी होनी थी। इसके लिए पिता ने जेवरात बनवाए थे, उसे भी चोर उठा ले गए। इसके अलावा मां विद्यावती के सभी जेवरात चोर चुरा ले गए। उसके घर से चोर करीब 20 लाख के जेवरात और 78 हजार नकदी उठा ले गए। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। कोतवाल मनोज कुमार पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। इस मामले में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।