संतकबीरनगर। पुलिस ने बेलराई में हुई चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से दो प्लास्टिक व दो सूती बोरों में 177 किलो गेहूं, दो चांदी का सिक्का, 3100 रुपये नकद व वारदात में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
थानाध्यक्ष अमित कुशवाहा के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा सोमवार को बिट्टू उर्फ रजनीश राय निवासी बेलराई, लल्ला उर्फ मकसूद निवासी सिकरी थाना धर्मसिंहवा को दो चांदी के सिक्के के साथ सुकरौली गांव से पोखर भिटवा जाने वाली पक्की पुलिया के पास से गिरफ्तार किया गया। निशानदेही पर दो प्लास्टिक व दो सूती बोरों में 177 किलो गेहूं बरामद किया गया।
पुलिस के मुताबिक एक मई को चंद्रमौली राय निवासी बेलराई थाना धर्मसिंहवा द्वारा थाने में तहरीर दी गई कि 25 अप्रैल को मैं अपने भाई माधव राय की लड़की की शादी में उमिला थाना कोतवाली खलीलाबाद गया था। 29 अप्रैल को मेरे भाई स्व. केशवचंद राय की बहू रागिनी ने फोन करके बताया कि आपके खपरैल के मकान के पीछे की खिड़की तोड़कर चोरी हो गई है। घर आकर मैंने देखा कि घर से करीब चार क्विंटल गेहूं और चांदी के कुछ सिक्के व रुपये चोरी कर लिए गए हैं।
तहरीर के आधार पर थाना धर्मसिंहवा में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर धारा में बढ़ोतरी की गई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बेलराई के चंद्रमौली राय के बंद मकान की खिड़की तोड़कर घर में घुस कर डेहरी में से दो क्विंटल गेहूं तथा बक्से का ताला तोड़ कर चांदी का सिक्का तथा रुपये चोरी किए थे। हम दोनों मिलकर छोटी-मोटी चोरियां करते हैं, उससे मिले सामानों को बेचकर मिले रुपयों का आर्थिक प्रयोग करते हैं।