धनघटा। क्षेत्र के करियाजोत के 22 वर्षीय साहिल अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हो गए थे। गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, साहिल पुत्र रामदीन गौतम मंगलवार दोपहर करीब दो बजे हैंसर बाजार जा रहे थे। बारीडीहा गांव के पास अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। साहिल गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उनको सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैंसर बाजार पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया था। जिला अस्पताल से बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर भेज दिया गया। वहां इलाज के दौरान बृहस्पतिवार को उनकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। गांव में सन्नाटा पसर गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है। वाहन की तलाश की जा रही है। वहीं, बृहस्पतिवार की दोपहर परिजनों ने दाह संस्कार कर दिया।