धनघटा-खलीलाबाद मार्ग जिसका चौड़ीकरण होना है
संतकबीरनगर। खलीलाबाद से धनघटा होकर आंबेडकर नगर के न्योरी तक सड़क चौड़ीकरण की आस अब भी अधूरी है। इस सड़क के चौड़ीकरण की घोषणा ढाई साल पहले वर्ष 2022 में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने की थी। इसके लिए सर्वे हुआ और डीपीआर भी तैयार कर शासन को भेजा गया है, लेकिन अब तक इसके लिए बजट उपलब्ध नहीं हो सका है।
खलीलाबाद से धनघटा होते हुए आंबेडकर नगर के न्योरी तक सड़क चौड़ीकरण की घोषणा होने के बाद सर्वे कराया गया। इसके डीपीआर तैयार करने के लिए दो एजेंसियों को लगाया गया, लेकिन आपसी खींचतान में डीपीआर समय से तैयार नहीं हो सका। बाद में डीएम के हस्तक्षेप के बाद डीपीआर तैयार हुआ और शासन को भेजा गया है। इसके मुताबिक यह सड़क करीब 14 मीटर चौड़ी होगी।
इससे वाहन फर्राटा भर सकेंगे। इस मार्ग के चौड़ीकरण होने से खलीलाबाद- धनघटा होकर आंबेडकरनगर के न्योरी तक राह आसान हो जाएगी। इससे नेपाल से बनारस तक आने-जाने में करीब 100 किलोमीटर की दूर कम हो जाएगी।