मगहर। सतगुरु कबीर की महापरिनिर्वाण स्थली कबीर चौरा परिसर स्थित संत कबीर अकादमी के प्रेक्षागृह में शनिवार को संतकबीर की जयंती पर निर्गुण त्रिधारा भक्ति उत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महंत विचार दास के नेतृत्व में मुख्य अतिथि, एमएलसी सुभाष यदुवंश व विशिष्ट अतिथि धनघटा विधायक गणेश चन्द चौहान के द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर कबीर शोभायात्रा निकाली गई।
महंत विचार दास के नेतृत्व में कबीर शोभा यात्रा विद्यालय के बच्चों व संतों ने निकाली। यह कबीर समाधि तक गयी। इस यात्रा में संतजन कबीर भजन गाते और विद्यालय के बच्चे हाथों में स्लोगन लिखी तख्थी लिए चल रहे थे। कबीर जयंती पर निर्गुण त्रिधारा भक्ति उत्सव कार्यक्रम के दिन विद्यालय की छात्राओं द्वारा कविता और कबीर साहेब के भक्ति गीतों पर भाव नृत्य प्रस्तुत किया गया। इसके बाद इंदौर से आई बेबी सिसोदिया बंजारन सिस्टर्स के गीतों का श्रोताओं ने खूब आनंद उठाया।
वाराणसी से आए ताना-बाना ग्रुप के देवेंद्र दास, डाॅ. भागीरथी, कृष्णा गौरव, रोहित द्वारा इकतारा डफली और गिटार वाद्ययंत्र के सहयोग से कबीर साहेब के निर्गुण भजन के धीरे-धीरे रे मना धीरे-धीरे सब कुछ होय, आदि भजन प्रस्तुत की गई। गोरखपुर विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा कबीर निर्गुण भजन उमरी अभिन मोरी बारी..की खूबसूरत प्रस्तुति रही। सिद्धार्थनगर से आई कबीर निर्गुण गायिका सुप्रिया ने अपनी खूबसूरत प्रस्तुति की।
मध्य प्रदेश के देवास से आए पद्मश्री कालूराम बमानिया ने निर्गुण कबीर भजन के माध्यम से गुरु महिमा का बखान किया। मुख्य अतिथि एमएलसी सुभाष यदुवंश ने कहा कि सदगुरु कबीर साहेब के विचारों को अंश मात्र अंगीकृत करने से मानव जीवन सुधर सकता है। विशिष्ट अतिथि विधायक धनघटा गणेशचन्द चौहान ने कहा कि कबीर ने समाज को एकसूत्र में बांधने का कार्य किया है। विशिष्ट अतिथि विधायक मेंहदावल अनिल त्रिपाठी ने कहा कि कबीर ने करनी और कथनी में कभी अंतर नहीं किया। वह एक बेबाक सूफी संत थे। कार्यक्रम के अंत में कबीर अकादमी के निदेशक अतुल द्विवेदी ने आये हुये सभी अतिथियों का आभार प्रकट किया।कार्यक्रम का संचालन स्वीटी सिंह ने किया। एसडीएम सदर हृदय राम त्रिपाठी, राकेश उपाध्याय, मदन जी शर्मा, इंजीनियर अरुण गुप्त,गौरव निषाद,यशोदानन्द यादव मौजूद रहे।