संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मसिंहवा। सांथा ब्लॉक क्षेत्र के पटना खास गांव में जल निगम की ओर से बनवाई जा रही टंकी की सीढ़ी का सांचा खुलते ही लगभग आधी सीढ़ी भरभराकर गिर गई। घटना के बाद निर्माण कार्य में इस्तेमाल की जा रही सामग्री और कार्य की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है।
पटना खास गांव में जल निगम की ओर से 2500 लीटर की पानी की टंकी का निर्माण कराया जा रहा है। 15 दिन पहले सीढ़ी ढाली गई, जिसका शुक्रवार को सांचा खोला गया तो सीढ़ी के बीच का हिस्सा भरभराकर गिर गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सीढ़ी का मलबा बालू और रेत की तरह बिखरकर जमीन पर गिर गया। गनीमत रही कि घटना के दौरान कोई इसकी चपेट में नहीं आया। ग्रामीणों का आरोप है कि पानी की टंकी के कुछ पिलर में भी दरारें दिखाई दे रही हैं।
ऐसे में निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय नागरिक नागेंद्र राय, अभिलाष राय पुष्पेंद्र राय ने बताया कि सीढ़ी का सांचा आज खोला जा रहा था, जिसमें आधे स्थान से सीढ़ी भरभराकर गिर गई। लोगों ने सोशल मीडिया के माध्यम से निर्माण कार्य पर सवाल उठाए हैं।
उन्होंने स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों के साथ ही जनप्रतिनिधियों, सांसद और विधायक से मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण करने की मांग की है।
ी