बिड़हर घाट के पास बढ़ता हुआ सरयू नदी का जलस्तर ।
संतकबीरनगर। धनघटा क्षेत्र में बह रही सरयू नदी का जलस्तर एक बार फिर बढ़ने लगा है। वर्तमान समय में नदी खतरे के निशान से 50 सेंटीमीटर नीचे बह रही है। एक बार फिर बढ़ रहे सरयू के जलस्तर से नदी के तटवर्ती इलाकों के लोग काफी सहमे दिख रहे हैं। नदी प्रति घंटा 10 मिलीमीटर की रफ्तार से बढ़त बनाए हुए है।
सरयू नदी का जलस्तर पिछले तीन दिनों में घटा था, लेकिन एक बार फिर नदी का जलस्तर बढ़ने लगा है। जो नदी खतरे के निशान से 1 मीटर नीचे पहुंच चुकी थी, और नदी की उपधाराओं से पानी समाप्त हो गया था तथा नदी बंधे से दूर जा चुकी थी, उस नदी की उपधाराओं में एक बार फिर पानी भरने लगा है। इसके साथ ही ढोलबजवा, गायघाट, खालेपुरवा, तुर्कवलिया व अन्य स्थानों पर बांधों पर दबाव बनाने लगी है। जगदीशपुर के निवासी राजकुमार बताते हैं कि नदी का जलस्तर इतनी तेजी से बढ़ा है कि सारे रास्ते जो जलमग्न हो चुके थे। उन रास्तों पर फिर पानी भरने लगा है। ढोलबजवा के रविन्द्र बताते हैं कि नदी का जलस्तर इतनी तेजी से बढ़ रहा है और पानी में इतना प्रवाह है कि नदी एक बार फिर ढोलबजवा में कटान कर रही है।