संतकबीरनगर/ लोहरैया। धनघटा तहसील क्षेत्र के बसवारी गांव स्थित बाबा बैजूनाथ शिव मंदिर साढ़े तीन सौ वर्ष पुराना है। यह रविवार को अपराह्न करीब एक बजे अचानक ढह गया। मंदिर का शिखर गिरने से गर्भगृह मलबे से भर गया।
मंदिर संरक्षक समिति के महामंत्री जितेंद्र राय ने बताया कि बड़गो गांव के रामदिहल राय ने इस मंदिर को बनवाया था। वर्तमान में उनके परिवार की आठवीं पीढ़ी इस मंदिर की देखरेख कर रही है। विवेक राय समिति के अध्यक्ष हैं।
गौरतलब है कि 25 जून को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इसी मंदिर में पहुंचे थे। उन्होंने बाबा बैजूनाथ का पूजन-अर्चन और जलाभिषेक किया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रविवार दोपहर करीब 12:00 बजे मंदिर की दीवारों में दरारें दिखाई दी थीं लेकिन इस पर किसी ने ध्यान नहीं दिया। बैजूनाथ धाम मंदिर में महाशिवरात्रि, सावन और प्रत्येक सोमवार को यहां जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं।
इनमें गोरखपुर, संतकबीरनगर, आजमगढ़, देवरिया, कुशीनगर, महराजगंज, बस्ती आदि जिले के श्रद्धालु शामिल हैं। मंदिर परिसर में मेला भी लगता है। यह रमणीक स्थान है। कुआनो नदी के किनारे होने के कारण यहां की सुंदरता और भव्यता और बढ़ जाती है।