तामेश्वरनाथ धाम में जुटे श्रद्धालु। संवाद
हरिहरपर। पुरुषोत्तम मास के पहले दिन रविवार को ऐतिहासिक तामेश्वरनाथ धाम में श्रद्धालुओं ने शिव का जलाभिषेक कर धूप व दीप जलाए। हर-हर महादेव के जयकारे और भजन कीर्तन के साथ शिव मंदिर की परिक्रमा के समापन पर प्रसाद का वितरण किया गया।
तामेश्वरनाथ धाम में पुरुषोत्तम मास के दौरान रोजाना शिवभक्तों की भीड़ होगी। परिसर में सार्वाधिक भीड़ सोमवार को होती है। पूर्व प्रधान नरेंद्र नाथ भारती, गंगेश भारती, ओम अनुपम भारती ने बताया कि पुरुषोत्तम मास में रोजाना सुबह शिव मंदिर मंदिर की परिक्रमा का आयोजन किया जा रहा है। रविवार को श्रद्धालु सहित भारती परिवार के लोगों ने शिव मंदिर की परिक्रमा की।
शिव मंदिर से शुरू हुई परिक्रमा में ढोल, मजीरे के साथ शिव का भजन करते लोग मंदिर की परिक्रमा करते हुए वापस शिव मंदिर पहुंचे। जहां समापन पर प्रसाद वितरण के बाद लोगों ने शिव की पूजा अर्चना की। पूर्व जिला पंचायत सदस्य ब्रह्म शंकर भारती, शक्तिदत्त भारती, गोस्वामी शशांक भारती ने बताया कि पुरुषोत्तम मास में प्रत्येक सोमवार को परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे और परिक्रमा में शामिल होने के बाद शिव का जलाभिषेक करेंगे।
रविवार की शाम से ही शिवभक्त पूजा के लिए फूल, बेलपत्र के साथ अन्य पूजा सामग्री के इंतजाम में जुटे हुए हैं। परिसर में सौंदर्य प्रसाधन व खिलौने की दुकानें भी सज गई हैं।