संतकबीरनगर। कृषि विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार को खाद बीज की दुकानों पर छापा मारा। बीज की दुकानों से सरसों के बीज के नौ नमूने लिए गए। अभिलेख अपूर्ण रखने पर दो दुकानदारों को नोटिस जारी किया गया। जिला कृषि अधिकारी ने किसानों से खाद वितरण के बारे में फीड बैक लिया।
जिला कृषि अधिकारी डॉ. सर्वेश कुमार यादव ने बताया कि बघौली एवं बेलहर ब्लॉक के खाद एवं बीज के तेरह प्रतिष्ठानों पर खाद, बीज की उपलब्धता, वितरण, गुणवत्ता एवं कालाबाजारी की रोकथाम के लिए कार्रवाई की गई। दुकानों पर दर्शनीय स्थल पर स्टॉक रेट बोर्ड एवं स्टॉक वितरण रजिस्टर की जांच के साथ साथ खाद, बीज के स्टॉक का पॉस मशीन के भौतिक स्टॉक से मिलान किया गया। दुकानदारों को खतौनी के आधार पर ही निर्धारित मूल्य पर खाद का वितरण करने के निर्देश दिए गए।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि मौर्य बीज भंडार, बघौली, किसान बीज भंडार बघौली, चौधरी खाद बीज भंडार बंजरिया, एग्री जंक्शन बघौली, देव खाद बीज भंडार, डीसीएफ देवकली, मौर्य खाद भंडार बभनी, चौधरी खाद बीज भंडार अब्बासगंज, एग्री जंक्शन अब्बासगंज, साधन सहकारी समिति कुड़ी मनमन, मौर्य बीज भंडार बभनी, बालकेस खाद भंडार बंजरिया की जांच की गई। सरसों के बीज की गुणवत्ता की जांच के लिए विभिन्न प्रजातियों के नौ नमूने लिए गए। उसे जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला में भेजा जाएगा। डीसीएफ देवकली, चौधरी खाद बीज भंडार अब्बास गंज को अभिलेख अपूर्ण रखने पर नोटिस जारी किया गया। आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्र में इस समय खाद की उपलब्धता पर्याप्त मिली।