संतकबीरनगर। कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली एक छात्रा ने गांव के ही युवक एवं उसकी बहनों पर पीछा करने, बदनाम करने, धमकी देने और मारपीट करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई है।
कोतवाली पुलिस को दी गई तहरीर में छात्रा ने बताया कि वह 16 मई को बीएससी तृतीय वर्ष की परीक्षा देकर घर लौट रही थी। आरोप है कि इसी दौरान केशराम चौधरी बाइक से उसका पीछा करते हुए खलीलाबाद बाईपास तक पहुंच गया और काफी देर तक उसके आगे-पीछे घूमता रहा।
पीड़िता के अनुसार बाद में वह ऑटो से घर के लिए निकली तो आरोपी डड़वा चौराहे तक पीछा करता रहा। विरोध करने पर आरोपी ने कथित रूप से उसे बर्बाद करने तथा फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी दी। छात्रा का आरोप है कि आरोपी पहले भी उसे विभिन्न स्कूलों और लाइब्रेरी से चरित्रहीन होने का आरोप लगाकर निकलवा चुका है।
छात्रा ने कहा कि आरोपी ने उसके भाई व बाबा के मोबाइल पर फोटो भेजकर बदनाम करने की धमकी दी। पीड़िता ने आरोपी की बहनों अनीता चौधरी और संगीता चौधरी पर भी घर पहुंचकर हंगामा करने, गाली-गलौज और मारपीट का प्रयास करने का आरोप लगाया है।
कोतवाल जय प्रकाश दूबे ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।