हरिहरपुर। नाथनगर ब्लॉक के मुकुंदपुर गांव में चल रही श्रीमद्भागवत कथा में शनिवार को कृष्ण जन्म का प्रसंग सुनाया गया। आचार्य हरिकेश पांडेय ने यह प्रसंग सुनाकर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। कथा के दौरान मौजूद भजन गायकों ने बधाई और भजन गाकर माहौल को भक्तिमय बना दिया।
आचार्य हरिकेश पांडेय ने बताया कि कंस को आकाशवाणी से देवकी के आठवें पुत्र द्वारा वध होने की सूचना मिली थी। कंस ने देवकी और वासुदेव को कारागार में डाल दिया तथा उनकी सात संतानों का वध कर दिया। आठवें गर्भ में भगवान श्रीहरि के आने पर श्रीकृष्ण का जन्म हुआ। जन्म के समय देवकी और वासुदेव की बेड़ियां खुल गईं तथा पहरेदार सो गए। आकाशवाणी के निर्देश पर वासुदेव श्रीकृष्ण को गोकुल में यशोदा के पास छोड़ आए। वे वहां से योगमाया को लेकर कारागार लौटे।
विज्ञापन
कंस ने योगमाया को मारने का प्रयास किया लेकिन वह आकाश में उड़कर कंस को उसके काल के गोकुल में होने की चेतावनी दे गई। उधर, यशोदा के घर भगवान कृष्ण के जन्म की खुशियां मनाई गईं। कथा के दौरान महिलाओं ने सोहर गीत गाए और भजन गायकों ने बधाई गीत गाकर श्रोताओं को झूमने पर विवश कर दिया।
यजमान सिद्धनाथ शुक्ल और कलावती देवी ने व्यास पीठ की आरती उतारी। इस अवसर पर सुभाष शुक्ल, चंद्रदेव शुक्ल, सुरेश शुक्ल, ग्रीस चंद्र शुक्ल और राम किशोर सहित कई लोग उपस्थित रहे।न