संतकबीरनगर। एसपी संदीप कुमार मीना ने मंगलवार को देर रात ऑनलाइन माध्यम से त्योहार को देखते हुए पुलिस तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने जनपद में मूर्ति विसर्जन व दशहरा को देखते हुए सुरक्षा व शांति व्यवस्था की मातहतों से जानकारी लेकर किसी भी दशा में कोई नई परिपाटी कायम न होने देने का आदेश जिम्मेदारों को दिया।
एसपी ने कहा कि शारदीय नवरात्रि पर्व को देखते हुए एंटी-रोमियो स्क्वॉड को सक्रिय रखते हुए सतर्क दृष्टि बनाए रखने की आवश्यकता है। दुर्गा पूजा पांडाल पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने व रावण दहन कार्यक्रम को सकुशल सम्पन्न कराने और डीजे आदि पर आपत्तिजनक संगीत बजने से रोक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहाकि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इसके लिए दंगा नियंत्रण उपकरण के साथ पुलिस हर समय तैयार रहे। फायर टेंडर को भी अलर्ट मोड पर रहने व चिह्नित स्थानों पर मुस्तैद रहने के लिए निर्देशित किया। मूर्ति विसर्जन स्थल व घाट का निरीक्षण कर लाइट, रोड आदि की व्यवस्था दुरुस्त करने व आसपास रास्तों पर ड्यूटी लगाने के लिए बताया।