संतकबीरनगर। एसपी संदीप कुमार मीना ने सोमवार को जिले के सभी पुलिस अधिकारियों एवं अन्य के साथ आनलाइन बैठक करके छठ पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए निर्देशित किया। एसपी ने कहा कि छठ घाटों पर गोताखोरों की व्यवस्था रखी जाए, ताकि किसी भी विषम परिस्थिति में उनका उपयोग किया जा सके। स्थानीय पुलिस, फायर सर्विस और स्वास्थ्य विभाग की टीम भी छठ घाट पर मौजूद रहेंगी।
छठ घाट व संबंधित रास्तों पर पर्याप्त लाइट की व्यवस्था हो। आतिशबाजी मानक के अनुरूप व छठ घाट से उचित दूरी पर होगी। एसपी ने सभी एसओ को निर्देश दिया कि अवांछनीय एवं अराजक तत्वों पर पैनी नजर रखें, किसी भी प्रकार की गतिविधि होने पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करें। 0 जनपद के प्रत्येक थाना क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल एवं महिला पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। छठ घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए मोबाइल टीमें, फ्लाइंग स्क्वॉड, यातायात नियंत्रण दल तथा निगरानी दल, एसडीआरएफ (राज्य आपदा मोचन बल) सक्रिय रहेंगे।
क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारी स्वयं अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे। इसके साथ ही ड्रोन कैमरा एवं सीसीटीवी के माध्यम से भी भीड़ व यातायात की निगरानी की जाएगी। फायर सर्विस की गाड़ियां जगह-जगह तैनात रहेंगी, ताकि विकट स्थिति में तत्काल सर्विस उपलब्ध कराए जा सके।