संतकबीरनगर। तापमान में आई दो डिग्री की गिरावट के बाद भी मौसम की तल्खी बनी हुई है। इसके साथ ही सुबह से ही गर्म हवाएं चल रही हैं। इससे लोग बेहाल हैं। लोग पसीने से लथपथ हो जा रहे हैं। मंगलवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री था जो बुधवार को घटकर 39 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। उमस और गर्मी के कारण दिन में सड़कों पर सन्नाटा पसर जा रहा है। इस बीच बिजली भी दगा देने लगी है। शहर से लेकर देहात तक बिजली की कटौती ने लोगों की मुसीबत और बढ़ा दी है। रात्रिकालीन कटौती के चलते लोगों की नींद पूरी नहीं हो पा रही है।
कई दिनों में मौसम में उतार-चढ़ाव बना हुआ है। बुधवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। 25 मई से नौतपा की शुरुआत होने वाली है, ऐसे में अभी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। भीषण गर्मी और गर्म हवा चलने से लोग घरों से निकलने से कतराने लगे हैं। जो लोग जरूरी काम से बाहर निकल रहे हैं वह मुंह पर गमछा बांधकर निकल रहे हैं।
इस बीच जहां भी छांव दिख रही है, लोग वहीं ठहर जा रहे हैं। दोपहर में तो सड़कों पर सन्नाटा पसर जा रहा है। इससे दुकानदार भी परेशान हैं। वजह यह है कि दिन में ग्राहक ही नहीं आ रहे हैं। पशु- पक्षी भी बेहाल हैं। इस बीच बिजली कटौती से परेशानी और बढ़ गई है। शहर में ट्रिपिंग की समस्या बढ़ गई है। इसके चलते बिजली आपूर्ति बार-बार बाधित हो रही है। इससे पंखा, कूलर बेकार हो जा रहे हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी बेतहाशा बिजली कटौती हो रही है। सबसे ज्यादा दिक्कत रात्रि में होती है। इससे लोगों की नींद में खलल पड़ रहा है। गर्मी के बीच बिजली की कटौती के चलते लोगों की नींद पूरी नहीं हो पा रही है।
शहर निवासी रमेश कुमार, प्रेमचंद्र आदि ने बताया कि बार-बार बिजली कट रही है। स्थिति यह है कि शहर में 24 घंटे आपूर्ति का दावा फेल हो गया है। ग्रामीण क्षेत्रों के उपभोक्ता इंद्रदेव, प्रमोद कुमार आदि ने कहा कि शाम होने के बाद बिजली कट जा रही है और देर रात आती है। औसतन आठ से 10 घंटे की कटौती हो रही है।
00000000000000000
मौसम में तल्खी बनी रहने की संभावना है। तापमान में अभी और वृद्धि होने के आसार है। एक सप्ताह बाद तापमान में थोड़ी गिरावट आने की संभावना है।
-अमरनाथ मिश्र, मौसम वैज्ञानिक, कुमारगंज अयोध्या
000000000000000000000000
मौसम में बदलाव के चलते थोड़ी समस्या खड़ी हुई है। हालांकि पूरा प्रयास किया जा रहा है कि उपभोक्ताओं को भरपूर बिजली मिले। कर्मियों को निर्देश दिए गए हैं जहां पर भी लोकल फाल्ट की समस्या आए, उसे तत्काल ठीक करें।
-केएन शुक्ल, एसडीओ, विद्युत, खलीलाबाद