- एजेंसियों पर जाने के बाद भी नहीं मिल रहा सिलिंडर, सबसे अधिक परेशानी शादी वाले घरों में
- मेंहदावल में पहुंचा 490 सिलिंडर, उपभोक्ता दो हजार
संतकबीरनगर/मेंहदावल। रसोई गैस की किल्लत खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। आलम यह है कि एजेंसियों पर जाने के बाद भी लोगों को सिलिंडर नहीं मिल पा रहा है। सबसे ज्यादा परेशानी शादी वाले घरों में है। लोग किसी तरह सिलिंडर का इंतजाम करने में लगे हैं। कोई लकड़ी तो कोई कोयला खरीद रहा है।
मेंहदावल के शिवांशु गैस सर्विस पर गैस सिलिंडर की किल्लत फिर शुरू हो गई है। शुक्रवार को मात्र 490 गैस सिलिंडर की आपूर्ति हो पाई, जबकि उपभोक्ताओं की भीड़ काफी थी। ऑनलाइन बुकिंग करने वाले उपभोक्ताओं की संख्या करीब 2000 थी। ऐसे में 490 गैस सिलिंडर उपभोक्ताओं के लिए कम था। हालत यह रही कि हाकरों को 8 से 10 सिलिंडर घर पर डिलीवरी के लिए मिल पाया, जिनके घरों पर वैवाहिक कार्यक्रम है। उनका कहना है कि मेहमान घर पर जुटेंगे तो सिलिंडर नहीं रहने पर भोजन कैसे बनेगा। मांग के अनुसार आपूर्ति न होने से समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। कर्मचारी से लेकर उपभोक्ता तक परेशान हैं।
हरिहरपुर और महुली संवाद के अनुसार सहालग में एजेंसियों पर रसोई गैस की किल्लत के चलते लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। सतीश कुमार, आलोक कुमार, देवेश ने बताया कि एजेंसियों पर गैस खत्म होने से काफी दिक्कत हो रही है। लोग सिलिंडर लेकर एजेंसियों का चक्कर लगाने को मजबूर हैं।
बोले लोग
माह के अंतिम सप्ताह में लड़की की शादी है। पांच सिलिंडर की आवश्यकता है, लेकिन गैस नहीं मिल रहा है। खाना बनाने वाले कारीगर से सलाह लेकर लकड़ी और कोयला की व्यवस्था की जा रही है। - राकरन, नगपुर
मई के प्रथम सप्ताह में लड़की की शादी है। खाना बनाने वाले कारीगर ने छह सिलेंडर की मांग की है। स्थिति यह है कि गैस मिलने में काफी कठिनाई हो रही है। लकड़ी, कोयला आदि की व्यवस्था की जा रही है। - सुरेश यादव, नगपुर
घर में शादी के बाद उलेमा का कार्यक्रम था। खाना बनाने वाले कारीगर ने सिलिंडर की मांग की थी, लेकिन गैस न मिलने और कॉमर्शियल सिलिंडर एजेंसी पर न होने के कारण लकड़ी से भोजन बनाने की व्यवस्था करनी पड़ी। - मकसूद, केवटलिया