मेंहदावल। एसपी संदीप कुमार मीना ने सोमवार को मेंहदावल थाने का वार्षिक निरीक्षण किया। महिला हेल्प डेस्क पर कार्यरत 2 महिला पुलिस कर्मियों व एसआई को मिशन शक्ति संबंधी सवालों का सही जवाब देने पर पुरस्कृत किया। शस्त्रों की हैंडलिंग व बेहतर रखरखाव के लिए कांस्टेबल आस्तिक तिवारी व प्रीतम सिंह को नकद पुरस्कार दिया। कार्य में शिथिलता बरतने पर एसओ सुरेंद्र कुमार सिंह, एसआई हरिनारायण दीक्षित व हेड मुहर्रिर गिरजेश मिश्रा को अग्रिम आदेश तक परेड में शामिल होने के आदेश दिए।
एसपी ने थाने व बैरक की साफ-सफाई में कोताही व गंदे शौचालयों पर कड़ी नाराजगी जताई। ऑपरेशन क्लीन के तहत मालखाना निस्तारण में शिथिलता बरतने पर नाराजगी व्यक्त की। मिशन शक्ति केंद्र व महिला हेल्प डेस्क पर महिला संबंधी विवादों का जायजा लिया। पुलिसकर्मियों को जनता से संवाद कर जनता के प्रति शालीन व्यवहार, त्वरित कार्रवाई तथा निष्पक्ष पुलिसिंग पर विशेष जोर दिया। साथ ही क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने, रात्रि गश्त प्रभावी करने एवं अपराधियों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई बढ़ाने के निर्देश दिए। इसके अलावा एसपी ने पुलिस टीम के साथ मेंहदावल बस स्टैंड पर ग्राम सुरक्षा समिति के साथ बैठक की। कस्बा में पैदल गश्त कर स्थानीय लोगों को सुरक्षा का अहसास कराया। निरीक्षण के दौरान सीओ सर्व दवन सिंह, गोपनीय निरीक्षक अविनाश प्रताप सिंह, एसओ सुरेंद्र कुमार सिंह, पीआरओ दुर्गेश पांडेय आदि उपस्थित रहे।