भिटवा से स़ागठ मार्ग गढ्ढो में तब्दील-संवाद
बेलहर। विकास खंड बेलहर में बीएमसीटी रोड से जुड़ी एक मुख्य सड़क की स्थिति बहुत ही खराब हो चुकी है। यह सड़क भिटवा बाजार, डुमरिया, सोनौरागुमनराय, मलौली, कुसुरु कला और सांगठ आदि दर्जनों गांव को जोड़ती है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं। इन गड्ढों में पानी भर जाने से लोगों को परेशानी होती है। इससे स्कूली वाहनों और ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित होता है।
ग्रामीणों के मुताबिक कई बार स्कूली बच्चे और राहगीर गिरकर चोटिल हो चुके हैं। यह सड़क कई वर्षों से खराब स्थिति में थी। अब यह पूरी तरह से गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। महेश अग्रहरि ने बताया कि भिटवा में प्रत्येक बुधवार और रविवार को बाजार भी लगता है। सड़क के टूटे-फूटे और जगह-जगह गड्ढों में पानी भर जाने से व्यापारियों को दुकान लगाने में और ग्रामीणों को बाजार करने में बहुत परेशानी होती है।
पूर्व प्रधान सुरेन्द्र कुमार, महेश अग्रहरि, अंकित, रजनीश, गणेश, हरिश्चन्द्र चौधरी, जितेन्द्र, पंडित और रामेश्वर विश्वकर्मा समेत कई स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क के तत्काल पुनर्निर्माण की मांग की है। इस संबंध में पीडब्ल्यूडी के जेई बिंदकेश यादव ने बताया कि इसकी मरम्मत हेतु शासन को पत्र प्रेषित किया जाएगा। जैसे ही स्वीकृति मिलेगी वैसे काम चालू करवा दिया जाएगा।