पचदेउरी में नमाज ए तरावीह में कुरान मुकम्मल होने पर रोजेदारों ने खुशी जताई-संवाद
सेमरियावां। माह-ए-रमजान की विशेष नमाज-ए-तरावीह में कुरान सुनना मुकम्मल होने का सिलसिला शुरू हो गया है। सोमवार की रात सेमरियावां ब्लाॅक के पचदेउरी में रमजान के पहला अशरा रहमत में छह दिन में काफी संख्या में रोजेदार नमाजियों ने तरावीह नमाज में कुरान सुनकर मुकम्मल किया।
लोगों ने मुल्क में अमनचैन के लिए दुआएं मांगी। इशा की नमाज के बाद रमजान माह के दौरान विशेष नमाज तरावीह अदा की जाती है। इस नमाज के दौरान पेश इमाम जुबानी कुरान पढ़ते हैं। इमाम के पीछे खड़े नमाजी उसे सुनते हैं। पचदेउरी में इमाम कुरान हाफिज मोहम्मद जैद ने तरावीह मुकम्मल कराई। नमाजियों ने अल्लाह से दुआ मांगी कि नमाज व तरावीह को कबूल फरमाए।
इस दौरान उलेमा बोर्ड के प्रदेश अध्यक्ष शोएब नदवी ने कहा कि रमजान का महीना इबादत, सब्र और आपसी मोहब्बत का पैग़ाम देता है। खुश नसीब हैं वह लोग जो मुबारक रमजान को पाते हैं। इस दौरान मौलाना सईद अहमद कासमी, आल अहमद उर्फ रज्जू, गुफरान अहमद, मोहम्मद साकिब, मोहम्मद आसिफ, फिरोज अहमद, रफीक अहमद, अजीम अहमद आदि मौजूद रहे।