मगहर। मुहर्रम सकुशल संपन्न कराने के लिए शासन के निर्देश पर जिला प्रशासन पैनी नजर रख रहा है। इसके मद्देनजर पंचायत मगहर के मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों से गुजरने वाले मुहर्रम के जुलूस मार्ग का मंगलवार को पुलिस ने ड्रोन से सर्वे कराया है। इससे किसी भी अनहोनी से बचा जा सके और लोगों में सुरक्षा की भावना पैदा हो सके।
चौकी प्रभारी विनोद कुमार यादव ने बताया कि मुहर्रम की दसवीं को ताजिया जुलूस के मार्ग का पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीणा के निर्देशन में ड्रोन सर्वे किया जा रहा है। ताकि जुलूस के काजीपुर चौराहे से सब्जी मंडी, नई बाजार, तकिया बाजार, आर्य समाज मंदिर मार्ग पर बने मकानों की छतों पर ईंट,पत्थर के टुकड़ों चिह्नित किया जा सके। उसके बाद भवन स्वामियों से उसको बिना आवश्यकता के हटाने के लिए कहा जाएगा। इसे सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टि कराया जा रहा है, ताकि नगर के लोगों में सुरक्षा की भावना बनी रहे।
ड्रोन सर्वे के साथ ही सरकार के मंशानुसार पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जुलूस के दौरान हथियारों के प्रदर्शन, डीजल अथवा ज्वलनशील तेल से आग का लुककारा निकालने पर प्रतिबंध तथा डीजे पर मात्र दो साउंड लगाने को कहा गया है। इसके अलावा ताजिया की ऊंचाई बारह फीट के अंदर रखने पर जोर दिया गया है, जिससे ताजिया उठाने में कोई कठिनाई न हो।
इस दौरान चौकी प्रभारी विनोद कुमार यादव, चौकी प्रभारी कबीर चौरा महेश्वर चौधरी, अनिल यादव, विष्णु नारायण गौड़, अरमान अली, दीवान रवि शंकर श्रीवास्तव आदि पुलिस कर्मी मौजूद रहे।