खलीलाबाद शहर में डिवाइडर पर लगे पाइप टूट गए-संवाद
संतकबीरनगर। शहर में हरियाली लाने और खूबसूरती के लिए नगर पालिका परिषद खलीलाबाद ने डिवाइडर पर गमलों में फूल पौधे लगाए हैं, लेकिन देखरेख के अभाव में पौधे सूखने लगे हैं। इन पौधों को पानी देने के लिए बिछाई गई पाइपलाइन जगह-जगह टूट गई हैं। इससे फूल पौधों को पानी नहीं मिल पा रहा है। पालिका प्रशासन इस तरफ ध्यान नहीं दे रहा है।
शहर के मेंहदावल बाईपास से आजाद चौक होते हुए गोला बाजार सहित अन्य क्षेत्रों में बने डिवाइडर पर नगर पालिका प्रशासन ने हरियाली के लिए फूल और आकर्षक दिखने वाले पौधे लगवाए हैं। गमलों में लगाए गए पौधों की सिंचाई के लिए पाइपलाइन बिछाई गई हैं। वर्तमान में उपेक्षा के कारण जगह-जगह पाइपलाइन टूट गई हैं। इससे फूल-पौधों को पानी नहीं मिल पा रहा है। इसके कारण फूल-पौधे सूखने लगे है। इसके बाद भी जिम्मेदार ध्यान नहीं दे रहे हैं। लोगों का कहना है कि यही हाल रहा तो हरियाली के लिए लगे पौधे पूरी तरह से सूख जाएंगे। शहर के निवासी रमेश कुमार, दिलीप कुमार आदि ने कहा कि लाखों रुपये खर्च कर हरियाली लाने का प्रयास किया गया था, लेकिन यह सब बेकार हो रहा है। इस पर पालिका प्रशासन को ध्यान देना चाहिए।
0
शहर में नहीं लगाए गए औषधीय पौधे
शहर के दोनों पटरियों पर औषधीय पौधे लगाने के लिए भी पालिका प्रशासन ने योजना तैयार की थी। इसके तहत नीम, अर्जुन सहित अन्य पौधे लगाए जाने थे, लेकिन कहीं पर भी पौधे नहीं लगाए जा सके हैं। इससे शहर में हरियाली कहीं पर भी नहीं दिख रही है।
0
फूल पत्तियों और पौधों को पानी की आपूर्ति के लिए पाइपलाइन बिछाई गई हैं। कुछ जगह पर टूट गई, जिसे जल्द ही ठीक कराया जाएगा। अभी टैंकर के जरिए पौधों को पानी दिया जा रहा है। -अवधेश भारती, ईओ नगर पालिका परिषद खलीलाबाद