आजाद चौक से मोती चौराहे तक नहीं लगी है कामर्शिलय लाइट-संवाद
संतकबीरनगर। सेफ सिटी के तहत शहर में कामर्शियल लाइटें लगनी थी, लेकिन मेंहदावल बाईपास से आजाद चौक तक ही लाइटें लगी। आधा शहर अभी भी दूधिया रोशनी से महरूम है। अगर यह लाइटें लग जाए तो न सिर्फ शहर की खूबसूरती बढ़ेगी, बल्कि लोगोंं को आने जाने में सहूलियत मिलेगी।
शहर को दुधिया रोशनी से जगमग करने की पालिका प्रशासन ने योजना बनाई थी। इसके तहत समूचे शहर में डिवाइडर के पोल पर कामर्शियल लाइटें लगाई जानी थी, ताकि शहर को खूबसूरत बनाया जा सके। इस योजना पर अमल भी हुआ, लेकिन मेंहदावल बाईपास से आजाद चौक तक ही कामर्शियल लाइटें लगाई गई। आजाद चौक से मुखलिसपुर तिराहा, गोलाबाजार, बैंक चौराहा होकर शुगर मिल तक का क्षेत्र कामर्शियल लाइटों से अब भी वंचित है।
लोगों को उम्मीद थी कि समूचे शहर में कामर्शियल लाइटें लगेगी तो शहर दुधिया रोशनी से जगमग हो उठेगा, लेकिन लोगों की उम्मीदों पर पानी फिरता नजर आ रह है। शहर के गोला बाजार निवासी संजय गुप्ता, बैंक चौराहा निवासी विनोद कुमार आदि ने कहा कि यदि शहर के अन्य हिस्सों में कामर्शियल लाइटें लग जाए तो शहर की खूबसूरती बढ़ सकती है और लोगों को रात्रि के समय आने-जाने में होने वाली परेशानी दूर हो सकेगी।
शहर में लगाई गई झूमर लाइटें : शहर में कामर्शियल लाइटें नहीं लगी, पर मेंहदावल बाईपास रोड पर पालिका प्रशासन ने झूमर लाइटें लगाई हैं, जो आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। इसके साथ ही मुखलिसपुर तिराहे के आस-पास भी झूमर लाइटें लगाई गई हैं। दीपावली के मद्देनजर मोहल्लों में एलईडी लाइटें दुरूस्त कराई गई है, जिससे लोगों को थोड़ी राहत मिली है।