मगहर। पुलिस चौकी के निकट नगर पंचायत द्वारा बनाया गया पार्क बदहाली का शिकार हो गया है। इसकी सुध नगर पंचायत प्रशासन नहीं ले रहा है, जबकि यह पार्क नेशनल हाईवे के किनारे होने के कारण मगहर की पहचान है। नगरवासियों ने इस पार्क को ठीक कराने व इसकी साफ-सफाई कराने की नगर पंचायत प्रशासन से मांग की है।
गौरतलब हो कि नगर के सुंदरीकरण के लिए नगर प्रशासन की तरफ से कई कार्य कराए गए हैं। इसके साथ ही नगर को आदर्श नगर पंचायत घोषित कराने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। पूर्व चेयरमैन अश्वनी कुमार गुप्त के कार्यकाल में नगर की मुख्य सड़क के पूरब व पश्चिम दोनों किनारों पर दो शानदार कबीर द्वार बनाए गए थे। इसी के साथ ही नगर के पश्चिमी छोर पर स्थित कबीर द्वार व पुलिस चुकी के निकट हाईवे के किनारे पार्क का निर्माण भी कराया गया था, जिसका उद्देश्य कबीर स्थली होने के नाते आगंतुकों को अपनी तरफ आकर्षित करने के साथ ही सुबह शाम नगर तथा आसपास के लोगों को शुद्ध वातावरण देना था।
इसके निर्माण होने के बाद नगर तथा आसपास के लोग इस पार्क में सुबह शाम टहलने के बाद यहां लगी बेंचों व घास पर घंटों बैठकर सुकून महसूस किया करते थे। अब इस पार्क में आने से लोग कतराने लगे हैं, क्योंकि स्थिति यह है कि इस पार्क में लगी बेंच टूटकर उखड़ गई है और पूरा पार्क ही बदहाली में तब्दील हो गया है।
क्षेत्र के मोहम्मद अकरम, हाजी फिरोज अहमद, ओबैदुन्नबी, अफरोज खान, खलील खान, मकसूदुल हसन, सुहेल अहमद, मिनहाज मलिक आदि ने नगर प्रशासन से बदहाल हो रहे इस पार्क की मरम्मत व साफ-सफाई कराने की मांग की है।
इस संबंध में नगर चेयरमैन प्रतिनिधि नूरुज्जमा अंसारी ने बताया कि इस पार्क के बेंच, रेलिंग के लिए प्रस्ताव दिया गया है। जल्द ही इसे ठीक करा दिया जाएगा।