संतकबीरनगर। एचआर इंटर कॉलेज में रविवार को उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ की जनपदीय कार्यकारिणी बैठक आयोजित हुई। जिसमें 25 जून को प्रयागराज में आयोजित ग्रीष्म कालीन चिंतन शिविर में प्राप्त कुल 16 प्रस्तावों की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाध्यक्ष हरिबख्श सिंह ने कहाकि शिक्षकों की समस्याओं के समाधान हेतु संगठन निरंतर सक्रिय है और भविष्य की रणनीति इन्हीं बिंदुओं के आधार पर निर्धारित की जाएगी। प्रधानाचार्य परिषद के अध्यक्ष एवं पूर्व प्रधानाचार्य ध्रुव चंद्र पाठक ने कहा कि शिक्षकों को नीतिगत स्तर पर सशक्त बनाने के लिए ठोस हस्तक्षेप की आवश्यकता है। शिक्षकों की समस्याओं को केवल संगठन स्तर तक सीमित न रखते हुए शासन तक प्रभावशाली ढंग से पहुंचाया जाना चाहिए।
वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य बृजेश कुमार सिंह ने पुरानी पेंशन योजना की बहाली एवं एडेड शिक्षकों के लिए मेडिकल सुविधा जैसे विषयों को जरूरी बताया। कहाकि यदि सरकारी शिक्षकों को मेडिक्लेम की सुविधा उपलब्ध है, तो एडेड शिक्षकों को इससे वंचित रखना पूर्णतः अनुचित और भेदभावपूर्ण है। डॉ. अभिषेक कुमार सिंह ने कहा कि समस्याओं को केवल उठाना ही पर्याप्त नहीं, उन्हें ठोस तथ्यों व तर्कों के साथ शासन तक पहुंचाना ही हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। बैठक की शुरुआत जिला मंत्री मनोज कुमार मिश्र के सभी 16 बिंदुओं को क्रमवार पढ़कर सुनाए जाने से हुई।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य अरूण कुमार ओझा, रघुविंद कुमार, डॉक्टर राकेश कुमार चौधरी, रवि प्रकाश सिंह, दिलीप कुमार सिंह, बृजेश कुमार सिंह, जयप्रकाश सिंह आदि मौजूद रहे।