् संतकबीरनगर/कुशीनगर। कोतवाली खलीलाबाद के मालखाने का हेड मुहर्रिर ही चोर निकला। इससे पहले भी उसने वर्ष 2023 में लगभग पांच लाख रुपये मालखाने से गायब किए थे। कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पूर्व में हेड मोहर्रिर राधेश्याम गुप्ता की तैनाती वाले थानों पर ड्यूटी कर रहे हेड मुहर्रिर भी अब दहशत में हैं।
मालखाने से 427 ग्राम सोना, 49,518 रुपये और 14 नेपाली नोट गायब होने के मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस टीमें आरोपी राधेश्याम की तलाश में जुटी हुई हैं। सूत्रों के मुताबिक वह कई दिन पूर्व से ही अपना मोबाइल बंद करके फरार हो गया है। इसकी वजह से उस तक पुलिस के हाथ नहीं पहुंच पा रहे हैं। कुशीनगर के तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र स्थित फुरसतपुर गांव निवासी राधेश्याम गुप्ता इंटरमीडिएट करने के बाद एक अगस्त 1989 को पुलिस विभाग में भर्ती हुआ। इसके बाद एक जुलाई 2017 को वह विभागीय प्रोन्नति पाकर हेड मुहर्रिर बन गया। जनपद में कई थानों पर उसकी तैनाती रही। कोतवाली में तत्कालीन इंस्पेक्टर की सिफारिश पर उसको हेड मुहर्रिर विनोद कुमार मिश्रा से मालखाने का चार्ज मिला।
चार्ज मिलने के बाद वर्ष 2023 में मालखाना से उसने लगभग पांच लाख रुपये गायब कर दिए। इसके बाद मालखाने की देखरेख कर रहे हेड मुहर्रिर मार्कंडेय सिंह को पांच लाख रुपये का गोलमाल मिला था। किसी तरह मामले की जानकारी तत्कालीन कोतवाल सर्वेश कुमार राय को मिली।
उन्होंने राधेश्याम गुप्ता को तलब किया। वह आया पहले तो रुपये देने पर हीलाहवाली करता रहा। बाद में बीमार होने का नाटक किया।