सेमरियावां। दुधारा थाना क्षेत्र के बस्ती-संतकबीरनगर सीमा पर स्थित बाघनगर में कठिनइया नदी के करीब निर्माणाधीन अस्पताल में बृहस्पतिवार सुबह लगभग साढ़े नौ बजे घुसे चोर को देखकर वहां काम करने पहुंचे बिजली मिस्त्री ने सहयोगी की मदद से पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया।
बिजली मिस्त्री पहुंचा तो युवक दीवार फांदकर भाग रहा था। मिस्त्री व सहयोगी ने चोर को दौड़ाकर पकड़ लिया। पुलिस चौकी बाघनगर पर सूचना दी। मौके पर हमराहियों के साथ पहुंचे चौकी प्रभारी बाघनगर सचिंद्र नाथ राय ने पूछताछ की तथा चोर को सामान के साथ हिरासत में लेकर जांच में जुट गए।
पुरैना मंसूर गांव के डाॅ. मोहम्मद जाहिद का बस्ती व संतकबीरनगर सीमा पर बीएमसीटी मार्ग पर अस्पताल निर्माणाधीन है। अस्पताल मालिक डॉ. मोहम्मद मुजाहिद वर्तमान समय में पूरे परिवार के साथ मुंबई रहते हैं। मूडाडीहा बेग निवासी मोहम्मद सलमान तथा उनके दो अन्य साथी अस्पताल में बिजली से संबंधित कार्य करते हैं। बृहस्पतिवार को जब सुबह साढ़े नौ बजे वह लोग गेट का ताला खोलकर अंदर दाखिल हुए तो एक युवक बोरी में सामान समेट रहा था। इस दौरान उन लोगों को देखकर चोर दीवार फांदकर भाग गया। घुसने से पूर्व चोर ने अस्पताल के सामने लगा सीसीटीवी कैमरा भी तोड़ दिया था। अस्पताल में रात में फिलहाल कोई नहीं रहता है। पकड़ा गया चोर अभी तक अपना पता सही नहीं बताया है तथा वह उस समय नशे में भी था। चौकी इंचार्ज बाघनगर सचिंद्र नाथ राय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।