सिसवनिया पुल से पहले सड़क में बना गड्ढा
रोसयाबाजार। विकास खंड पौली के पारा चौराहे से महुली मार्ग सिसवनिया पुल तक सड़कें गड्ढा युक्त हो गई है। गड्ढा युक्त सड़कें राहगीरों के लिए मुसीबत बनी हुई है। जिम्मेदार विभाग मौन है। टूटी सड़कें जीर्णोद्धार की राह देख रही है।
सरकार द्वारा तमाम योजनाओं का संचालन किया जा रहा है उसी योजनाओं में क्षेत्र की सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का फरमान भी जारी है, लेकिन पारा से महुली 8 किमी पर स्थित है जिस पर सिसवनिया पुल से पारा चौराहे तक दर्जनों बड़े-बड़े गड्ढे बन गए है। इसी क्रम में छितौनी, शिवापुर, मडपौना, किशनपुर, मकदुमपुर, गोविंदगंज, चकिया, हडिया माफी, निहैला सहित क्षेत्र की जनता को जिला मुख्यालय तक जाना रहता है।
बारिश से गड्ढों में पानी भर जाने से अक्सर राहगीर गिरकर घायल होते रहते है। उसके बाद भी इस सड़क पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। इस पर कहीं दूर-दूर तक मरम्मत नाम की कोई चीज नहीं दिखाई दे रही है। जबकि जिन सड़कों के गड्ढा मुक्त होने के दावे किए जा रहे हैं, वह भी लापरवाही की भेंट चढ़ गए हैं और वह गड्ढा मुक्त नहीं बल्कि युक्त हो गए हैं। पीडब्ल्यूडी के एक्सइएन आरके पांडेय ने बताया कि जानकारी कर सड़क को सही कराया जाएगा।