संतकबीरनगर। विदेशी फंडिंग के मामले में दुधारा क्षेत्र के देवरिया लाल गांव निवासी ब्रिटिश मौलाना शमशुल हुदा खान के बाद अब उसके बेटे तौसीफ रजा पर भी कानूनी शिकंजा कसता नजर आ रहा है। पुलिस जांच में तौसीफ के विदेश दौरे की पुष्टि होने के बाद जांच एजेंसियों ने उसके वित्तीय लेनदेन, बैंक खातों और अन्य दस्तावेजों की पड़ताल तेज कर दी है। पुलिस जांच में यह पता कर रही है कि विदेश यात्राओं और कथित विदेशी फंडिंग के बीच कोई संबंध है या नहीं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, विवेचना के दौरान ऐसे दस्तावेज और सूचनाएं सामने आई हैं, जिनसे तौसीफ रजा के विदेश जाने की पुष्टि हुई है। इसके बाद जांच टीम अब विदेश यात्राओं के उद्देश्य, वहां हुई गतिविधियों और उनसे जुड़ी संभावित वित्तीय लेनदेन का ब्यौरा जुटाने में लगी है। संबंधित विभागों और एजेंसियों से भी आवश्यक जानकारी मांगी गई है।
पूर्व में मौलाना शमशुल हुदा खान के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी में विवेचना के दौरान तौसीफ रजा का नाम भी शामिल किया गया है। इसके बाद पुलिस ने उसके बैंक खातों, वित्तीय लेनदेन और अन्य दस्तावेजों का परीक्षण शुरू कर दिया है। यदि जांच में विदेशी स्रोतों से धन प्राप्त होने अथवा धन के उपयोग में किसी प्रकार की अनियमितता के साक्ष्य मिलते हैं तो आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
सूत्रों के मुताबिक, जांच टीम यह भी पता लगा रही है कि विदेशी धनराशि किन माध्यमों से प्राप्त हुई, उसका उपयोग कहां और किस उद्देश्य से किया गया और इसमें अन्य लोगों की क्या भूमिका रही। इसके लिए बैंकिंग रिकॉर्ड, डिजिटल साक्ष्य और संबंधित दस्तावेजों का मिलान कराया जा रहा है।
मदरसा जमीन प्रकरण की सुनवाई सात जुलाई को
खलीलाबाद शहर के मोतीनगर स्थित ब्रिटिश मौलाना शमशुल हुदा खान से जुड़े मदरसा प्रकरण में अब सात जुलाई को एसडीएम कोर्ट में सुनवाई होगी। शिकायतकर्ताओं की ओर से दायर याचिका में मदरसा की भूमि को सरकारी भूमि घोषित करने की मांग की गई है।
शिकायतकर्ताओं आसिया खातून व नुरूल हक का आरोप है कि जिस भूमि पर मदरसा संचालित हो रहा है, उसका राजस्व अभिलेखों में दर्ज विवरण विवादित है और यह सरकारी भूमि है। उनका कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर भूमि को सरकारी घोषित किया जाए और नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
मामले की विवेचना साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुरूप आगे की कार्रवाई की जाएगी। संदीप कुमार मीना, एसपी