रंजिश में अधिवक्ता को मारी गोली, साथी से लूटे दस हजार रुपये
खलीलाबाद से बाइक से साथी के साथ लौट रहे थे घर
पूर्व प्रधान समेत छह नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ हत्या के प्रयास और लूट का केस दर्ज
धनघटा/संतकबीरगर। तिघरा पुलिया के पास सोमवार देर शाम रंजिश में कुछ लोगों ने अधिवक्ता को गोली मार दी। गोली अधिवक्ता के दाहिने हाथ में लगी। आरोप है कि अधिवक्ता के साथी की भी पिटाई की और दस हजार रुपये लूट लिए। परिजन घायलों को सीएचसी मलौली ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मंगलवार को पुलिस ने इस मामले में पूर्व प्रधान समेत छह नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ हत्या के प्रयास और लूट का केस दर्ज किया है।
बहराड़ाडी निवासी अधिवक्ता अवधधारी शर्मा का आरोप है कि सोमवार शाम वह खलीलाबाद से अपने साथी गांव निवासी पवन नायक के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। गांव के पास तिघरा पुलिया के करीब पहुंचे थे। पहले से घात लगाकर बैठे कुछ लोग लाठी-डंडों से उनके और साथी के ऊपर हमला कर दिया। उसके बाद गोली चलाई। गोली उनके दाहिने हाथ में लगी। हमलावरों की पिटाई से वह और उसका साथी अचेत हो गया। आरोप है कि हमलावर दस हजार रुपये भी लूट ले गए।
घटना के बाद बाद हमलावर भाग निकले। गांव वालों का कहना है पूर्व प्रधान और अधिवक्ता के बीच विवाद काफी दिनों से चला आ रहा है। इधर कोटे की दुकान का चयन भी होने वाला था। इसे लेकर दोनों पक्षों के बीच तनातनी चल रही थी। एसओ केडी सिंह ने बताया कि अधिवक्ता ने रंजिश में उसे गोली मारने और साथी की पिटाई कर दस हजार रुपये लूट लेने का आरोप लगाया है। इस मामले में पूर्व प्रधान अमरजीत यादव, सुरेंद्र यादव, महेंद्र यादव, देवेंद्र यादव, नागेंद्र यादव, राम सुरेश यादव और दो अज्ञात के खिलाफ हत्या के प्रयास और लूट का केस दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। उम्मीद है जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।