हैंसर ब्लॉक की टूटी बाउंड्री-संवाद
धनघटा। विकास खंड हैंसर बाजार खुद के विकास की बाट जोह रहा है। एक वर्ष पहले ब्लॉक की बाउंड्री और गेट टूटा तो आज तक दुरुस्त नहीं हुआ। ब्लॉक परिसर में चोर और छुट्टा पशुओं का हमेशा भय बना रहता है।
पिछले वर्ष राम जानकी मार्ग के निर्माण के समय बाउंड्री वॉल तोड़ी गई और उसी समय गेट भी उखाड़ दिया गया था। तभी से एक साल बाद भी बाउंड्री वॉल टूटी पड़ी हुई है और गेट भी गायब है। ब्लॉक परिसर में निवास करने वाले कर्मचारियों का कहना है कि बाउंड्री वॉल और गेट न होने की वजह से छुट्टा पशु तो दिन-रात यहां पर विचारण किया करते हैं साथ ही साथ चोर भी आसानी के साथ अपना हाथ साफ कर देते हैं। अक्टूबर महीने में ग्राम पंचायत अधिकारी शैलजा मिश्रा के घर में घुसकर चोर लाखों का सामान उठा ले गए थे। इस घटना का पर्दाफाश आज तक नहीं हुआ। इसके पहले कंप्यूटर कक्ष से इनवर्टर चोरी हो गया था। लोगों का कहना है कि बाउंड्री तोड़ी गई तो ईंटें भी गायब हो गईं। गेट कहा गया इसका पता नहीं है। पूरे क्षेत्र का विकास करने की जिम्मेदारी ब्लॉक पर है। लेकिन ब्लॉक का विकास कार्य कौन कराएगा। बाउंड्री वॉल और गेट न होने की वजह से लोगों को तमाम तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में पूछे जाने पर खंड विकास अधिकारी के के दुबे का कहना है कि इस ब्लॉक का कार्यभार अभी 2 महीना पहले ग्रहण किया। ब्लॉक की बाउंड्री आदि का निर्माण अवश्य कराया जाएगा।