धनघटा के बिडहर घाट पर युवकों के डूबने की जानकारी लेते सीओ
संतकबीरनगर। दिल्ली से दोस्त की शादी में शामिल होने अंबेडकरनगर आए युवकों की मौत से शादी की खुशियां मातम में बदल गई। युवकों ने सोचा नहीं था कि नदी में नहाने का लालच उनके दो दोस्तों को हमेेशा के लिए छीन लेगा। सभी युवक दिल्ली में रहकर पढ़ाई के साथ ही प्रतियोगी परीक्षा की तैयार कर रहे थे।
अंबेडकरनगर जिले के जहांगीरगंज थाना क्षेत्र के हुसैनपुर खुर्द निवासी रामलक्षण मिश्रा के बेटे विजयभान की 29 अप्रैल को शादी है। विजयभान भी दिल्ली में रहता है। उसके साथ भूपेन्द्र सिंह, अनु, शिवांश, वरुण पाण्डेय, रवि रावत और प्रणव पाण्डेय भी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करते थे। रामलक्षण ने बताया कि उनके बेटे की शादी में शामिल होने के लिए सभी दोस्त 27 अप्रैल को ही दिल्ली से आ गए थे।
सोमवार को गर्मी थी तो युवकों ने कहा कि नदी में नहा कर आते हैं। सभी एक कार में सवार होकर बिड़हरघाट गए जहां हादसा हो गया। रामलक्षण ने बताया कि युवकों की मौत से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं हैं। रवि के परिजन दिल्ली में रहते हैं जो देर शाम तक पोस्टमार्टम हाउस नहीं पहुंच पाए थे। संवाद