संवाद न्यूज एजेंसी
धनघटा। क्षेत्र के एक गांव में दो वर्ष पहले रिश्तेदार के घर आई 22 वर्षीय युवती का फोटो उसके रिश्तेदार के गांव निवासी युवक ने सोशल मीडिया पर इस कारण वायरल कर दिया कि छह मार्च को युवती की शादी होने वाली है। पीड़ित परिजन युवक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए थाने से लगायत एसपी कार्यालय तक चक्कर लगा रहे हैं।
युवती की बुआ का कहना है कि 16 फरवरी 2024 को उनके घर श्रीमद्भागवत कथा थी। इसमें उनकी भतीजी भाग लेने आई थी। महिला का आरोप है कि उनके गांव के युवक ने उनकी भतीजी को बहला फुसलाकर उसके साथ फोटो खींच लिए। इधर जब युवक को पता चला कि उनकी भतीजी की शादी 6 मार्च को होनी है, तो उसने उस फोटो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इसका उलाहना देने युवक के घर परिवार के लोग गए तो उनको मारपीट कर घायल कर दिया। तभी से कार्रवाई के लिए थाने का चक्कर महिला और उसके परिवार के लोग लगा रहे हैं। थकहार कर महिला ने एसपी कार्यालय में जाकर प्रार्थनापत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।