- इंस्टाग्राम पर किया पोस्ट, मेटा कंपनी से एलर्ट जारी होने के बाद युवती के घर पहुंची पुलिस
- काउंसिलिंग के बाद परिजनों के किया सुपुर्द
संतकबीरनगर। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने ओवरडोज दवा खाकर जान देने की नीयत से इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट कर दिया। मेटा कंपनी से अलर्ट जारी होने पर स्थानीय पुलिस सक्रिय हो गई। लोकेशन के आधार पर पुलिस युवती के घर पहुंच गई। इसके बाद एक्सपर्ट ने युवती की काउंसिलिंग की और युवती को परिजनों को सौंप दिया।
खलीलाबाद क्षेत्र निवासी 22 वर्षीय युवती ने ओवरडोज दवा खाकर आत्महत्या के संबंध में सोशल मीडिया पर सात दिसंबर को रात 11:17 बजे पोस्ट किया। जिसके बाद मेटा कंपनी से अलर्ट मिलने के बाद पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस मुख्यालय ने आत्महत्या के संबंध में कोतवाली खलीलाबाद को वीडियो, मोबाइल नंबर और युवती का लोकेशन उपलब्ध कराया। कोतवाल सतीश कुमार सिंह ने तत्काल चौकी प्रभारी बरदहिया ललितकांत यादव टीम के साथ युवती के घर अविलंब पहुंचने की सूचना दी।
पुलिस टीम लोकेशन ट्रेस करते हुए युवती के घर पहुंचकर जान बचाई। साथ ही टीम ने युवती की काउंसिलिंग की। पूछताछ में युवती ने बताया कि सिर में अधिक दर्द होने कारण सात गोली दर्द की खाकर सोशल मीडिया इंस्टाग्राम पर आत्महत्या करने के संबंध में पोस्ट किया था। इसके बाद पुलिस टीम ने युवती को उसके परिजनों को सुपुर्द कर दिया। युवती ने दोबारा ऐसा कदम न उठाने के संबंध में लिखित व मौखिक बयान पुलिस को दिया।
युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या करने के संबंध में किया था पोस्ट
धनघटा क्षेत्र में भी 16 नवंबर की रात करीब 10:41 बजे करीब युवती ने फांसी लगाकर जान देने के संबंध में सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। मेटा कंपनी से अलर्ट जारी होने के बाद पुलिस सक्रिय हो गई थी। आत्महत्या के संबंध में वीडियो, मोबाइल नंबर और लोकेशन धनघटा पुलिस को उपलब्ध कराया गया। पुलिस तत्काल युवती के घर पहुंची और काउंसिलिंग की।