धनघटा। क्षेत्र के छितौनी गांव निवासी 52 वर्षीय मजदूर की मौत से जहां पूरा परिवार गमगीन है, वहीं उसकी मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चा गांव के लोग कर रहे हैं। पुलिस इस मामले को राजकुमार के जरिये उठाया गया आत्मघाती कदम मानकर जांच कर रही है।
छितौनी गांव निवासी राजकुमार (52) दिल्ली में रहकर मजदूर करते थे। दो बेटों और एक बेटी के साथ घर रहकर उनकी पत्नी जोखना देवी बच्चों की देखभाल करती थीं। राजकुमार बेटी जयंती की शादी को लेकर काफी दिनों से चिंतित थे। बेटी की शादी सात जून को होना निश्चित हुई, तो शादी धूमधाम से करने की मंशा के साथ एक सप्ताह पहले वह घर लौटे।
परिजनों का कहना है कि शादी की तैयारी को लेकर वह भाग दौड़ में लगे थे, लेकिन बीच-बीच में यह भी कहा करते थे कि पैसे की तंगी है, बेटी की शादी कैसे होगी। शादी को सही सलामत करने के लिए उनके दोनों बेटे और पत्नी भी हाथ बटा रहे थे। सोमवार की रात परिजनों के साथ उन्होंने हंसी खुशी खाना खाया और सो गए। मंगलवार की सुबह उनके घर से करीब 300 मीटर की दूरी पर सीवान में आम के पेड़ से लटकी उनकी लाश मिली। जिसे देखकर परिजन फूट-फूटकर रोने लगे।
पत्नी जोखना देवी जहां रोते-रोते अचेत हो जा रही थीं। वहीं बेटा और बेटी अलग ही बिलख रहे थे। परिजनों ने रोते बिलखते बताया कि इधर बेटी की शादी को लेकर वह काफी परेशान थे। भरपूर नींद नहीं आ रही थी, तो कभी-कभी नींद की दवा भी खा लेते थे।
एसओ जयवर्धन सिंह ने बताया कि राजकुमार की मौत का कारण परिवार के लोग आत्महत्या बता रहे हैं। पोस्टमार्टम कराने को परिजन तैयार नहीं थे, लेकिन बाद में पुलिस और गांव के लोगों के समझाने बुझाने के बाद परिजन पोस्टमार्टम को तैयार हो गए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण का पता चल सकेगा।