कांटे (संतकबीरनगर)। राष्ट्रीय राजमार्ग पर बूधा कला गांव के पास मंगलवार को एक युवती ने जमकर हंगामा किया। युवती की हरकतों की वजह से सड़क पर जाम जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। युवती रास्ते से गुजरने वाले वाहनों के सामने खड़ी होकर जान देने की कोशिश कर रही थी। बाद में सूचना पर पहुंची पुलिस उसे पकड़ कर कांटे चौकी ले गई।
बूधा कला चौराहे के पास 22 वर्षीय युवती वाहनों के सामने आकर जान देने की कोशिश कर रही थी। लोग उसे समझाकर किनारे कर रहे थे। उसी बीच पुलिस को सूचना दी गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ऐसा लग रहा था कि युवती नशा की थी। सूचना पर पुलिस पहुंची और उसे चौकी पर ले गई। चौकी इंचार्ज हरेंद्र राय ने बताया कि युवती बिहार की रहने वाली थी। वह ऐसा क्यों कर रही थी, नहीं पता चल सका। वह हरियाणा से बिहार जा रही थी।
बूधा कला के पास वाहन से उतर गई थी। वहीं, एक ढाबे पर अपना बैग, मोबाइल फोन रखी थी। बाद में घूमती हुई सड़क पर पहुंच गई थी। ढाबे से उसका सामान और मोबाइल आदि दिलवा दिया गया। उसके बाद वह बस में बैठकर बिहार के लिए रवाना हो गई।