मिठाई की दुकान की जांच करती खाद्य टीम-स्रोत खाद्य विभाग
संतकबीरनगर। खाद्य सुरक्षा औषधि प्रशासन विभाग ने शुद्ध ही शुभ है अभियान के अंतर्गत दिवाली पर्व को देखते हुए बुधवार को विशेष अभियान चलाया। इस दौरान 40 किलोग्राम दूषित मिठाई नष्ट कराई। चार नमूने लिए और दो लोगों को नोटिस जारी किया।
सहायक आयुक्त खाद्य सतीश कुमार के निर्देशन में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया तथा प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए। इस दौरान न्यू लक्ष्मी स्वीट्स मुखलिसपुर से पनीर का सैंपल व बालाजी ट्रेडर्स धनघटा का निरीक्षण किया गया, जिसके पास रेडीमेड मिठाई पाई गई जो दूषित थी तथा आवश्यक जानकारी न अंकित होने के कारण लगभग 40 किलोग्राम मिठाई नष्ट कराई गई।
टीम ने शहर के एक स्वीट्स से छेना का सैंपल लिया। वहीं कस्तूरी स्वीट्स मेंहदावल चौक से खोआ का एक नमूना संग्रहीत किया। दोनों में मिली कमियों को दूर करने का नोटिस दिया। सहायक आयुक्त ने बताया कि कुल चार सैंपल संग्रहीत किए गए, जिन्हें जांच हेतु प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।
जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। मिलावट से संबंधित शिकायत दर्ज कराने हेतु टोल फ्री नंबर 18001805533 पर कॉल कर सकते हैं।