संतकबीरनगर। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन और डीएम के निर्देश पर बृहस्पतिवार को सहायक आयुक्त खाद्य ग्रेड-ll सतीश कुमार के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान दुग्ध एवं दुग्ध उत्पादों की जांच की गई। अभियान के अंतर्गत धनघटा तहसील स्थित सीपी मिल्क चिलिंग सेंटर (ज्ञान डेरी) से खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने छापामार कर एक नमूना मिश्रित दूध का व एक नमूना देसी घी का संग्रहीत किया।
निरीक्षण के दौरान खाद्य लाइसेंस की श्रेणी केवल मिल्क चिलिंग के लिए प्राप्त किया गया था। मौके पर देसी घी का भी विक्रय करते पाए जाने पर लगभग 334 पैकेट (प्रति पैकेट 400 ग्राम) जिसकी अनुमानित कीमत 123580 रुपये है, को खाद्य लाइसेंस में परिवर्तन कराए जाने तक विक्रय पर रोक लगा दी गई। साथ ही मिल्क चिलिंग प्लांट पर पाइपलाइन के क्लीनिंग इन प्लेस की पंजिका प्रस्तुत न किए जाने, कर्मचारियों की व्यक्तिगत साफ-सफाई, परिसर की साफ सफाई की स्थिति ठीक न पाए जाने के कारण व अन्य अनियमितता पाई जाने पर नोटिस निर्गत किया गया। संग्रहीत किए गए उपरोक्त दोनों सैंपल को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सच्चिदानंद गुप्ता, बृजेश कुमार शामिल रहे।