रोसयाबाजार। धनघटा थाना क्षेत्र के शिवापार गांव में शनिवार की रात छत के रास्ते घर में घुसे चोर 15 हजार रुपये नकदी समेत करीब एक लाख रुपये के जेवरात उड़ा ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेसिंक टीम ने घटना की जांच की।
जानकारी के अनुसार, शिवापार गांव निवासी रामदास के घर पर मौजूद सदस्य भोजन करके गांव में स्थित दूसरे मकान में सोने चले गए। पहले वाले घर पर बहू अपने दो बच्चों को लेकर बरामदे में सो गई। सुबह उठी तो कमरे में सारा सामान बिखरा देख वह अवाक रह गई और चिल्लाने लगी। शोर सुनकर दूसरे मकान में सो रहे परिवार और आसपास के लोग जुट गए।
पीड़ित परिवार के गृहस्वामी रामदास ने बताया कि चोर 15 हजार रुपये नकद और करीब एक लाख के जेवरात उठा ले गए। घटना की जानकारी होने के बाद सीओ प्रियम राज शेखर पांडेय व थाना प्रभारी जय प्रकाश दूबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल व छानबीन में जुट गए।
घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को भी बुला लिया गया जाे साक्ष्य संकलन की कार्रवाई में जुट गई है। सीओ ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।